जेएनयू घटना के विरोध में युकां कार्यकर्ताओं ने फूंका केंद्र सरकार का पुतला

Haridwar Latest News political Politics Roorkee social uttarakhand

हरिद्वार। सोमवार को युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ज्वालापुर कोतवाली तिराहे पर एकत्र होकर केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी कर पुतला दहन किया। कार्यकर्ताओं ने छात्रों पर हो रहे हमले की कड़े शब्दों में निंदा की। इस अवसर पर युवा कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष रवि बहादुर व रामविशाल देव ने कहा कि दिल्ली स्थित जेएनयू के छात्रों पर एबीवीपी के कार्यकर्ताओं द्वारा हमला किया गया। हमले में जेएनयू छात्र संघ अध्यक्ष व शिक्षिका तक को पीटा गया। उन्होंने कहा कि पुलिस पूरे मामले में मूकदर्शक बन तमाशा देख रही है। लगातार छात्रों के साथ बर्बरता की जा रही है। शिक्षा के मंदिर में गुण्डा तत्व लगातार अध्ययनरत छात्रों पर हमले कर रहे हैं। हमले में छात्र संघ अध्यक्ष सहित कई छात्र व शिक्षकों को गंभीर रूप से चोटे आयी हैं। उन्होंने हमलावरों की तुरंत गिरफ्तारी की मांग की। युवा कांग्रेस शहर अध्यक्ष नितिन तेश्वर व शाहनवाज कुरैशी ने कहा कि छात्रों का उत्पीड़न किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्रमोदी इन घटनाओं पर चुप्पी साधे हुए हैं। छात्रों के साथ लगातार मार पिटाई की घटनाएं देश भर में बढ़ रही हैं। सुरक्षा नाम की कोई चीज नहीं है। हमलावरों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए। एबीवीपी के कार्यकर्ता लगातार कालेजों के माहौल को खराब करने में जुटे हुए हैं। भाजपा ओछी राजनीति पर उतर आयी है। दीपक टण्डन व सुमित भाटिया ने कहा कि अध्ययनरत छात्रों को डर भय में जीना पड़ रहा है। आए दिन एबीवीपी के कार्यकर्ता छात्रों के साथ मारपिटाई जैसी घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। पुलिस प्रशासन इन घटनाओं पर अंकुश लगाने में फेल साबित हो रहा है। ऐसी घटनाओं की पुनर्रावृत्ति नहीं होनी चाहिए। अनिल भास्कर व वसीम सलमानी ने कहा कि भाजपा दबाव की राजनीति कर रही है। बोलने के अधिकारों को छीना जा रहा है। शिक्षा के मंदिर में गुण्डा तत्व हुड़दंग कर रहे हैं। केंद्र सरकार छात्रों को सुरक्षा नहीं दे पा रही है। पढ़ने लिखने वाले छात्रों के साथ पुलिस भी मारपिटाई पर उतारू हो जाती है। इस घटना की जितने भी कड़े शब्दों में निंदा की जाए उतना कम है। पुतला दहन करने वालों में चांद कुरैशी, आकिब मंसूरी, हिमांशु बहुगुणा, नावेज अंसारी, चंद्रशेखर, इसरार अहमद, बाला गौतम, नीरज, गौरव आदि सहित कई कार्यकर्ता शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *