हरिद्वार। जनपद में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार के तहत कार्रवाई करते हुए अलग-अलग मामलों में तीन नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों के कब्जे से करीब 10 लाख रुपये कीमत की स्मैक बरामद की गई है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान में कोतवाली मंगलौर पुलिस ने सख्ती बढ़ाते हुए विशेष टीमें गठित कीं। इन टीमों को नशे के कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई करने की जिम्मेदारी दी गई। पुलिस द्वारा लगातार संदिग्धों की निगरानी के साथ-साथ लिंक रोड, गांव-कस्बों और हाईवे पर सघन चेकिंग अभियान चलाया गया।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया। पहले मामले में सईद अहमद पुत्र सुल्तान अहमद निवासी कस्बा मंगलौर के पास से 26.28 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई, जिसकी कीमत लगभग 8 लाख रुपये आंकी गई है।
वहीं दूसरे मामले में मुनीर पुत्र रियासत निवासी ग्राम महमूदपुर और सलमान पुत्र खुर्शीद निवासी पिरान कलियर को गिरफ्तार किया गया। इनके कब्जे से 6.52 ग्राम स्मैक बरामद हुई, जिसकी कीमत करीब 2 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जनपद में नशे के कारोबार को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे तत्वों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
