केजरीवाल ने भाजपा-कांग्रेस समर्थकों से मांगे वोट

Haridwar Latest News Politics Roorkee

हरिद्वार। आम आदमी पार्टी के संयोजक व दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने पत्रकारों से वार्ता करते हुए कांग्रेस और भाजपा पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने प्रदेश की स्थायी राजधानी आप की सरकार आने पर गैरसैंण को बनाने कीं भी घोषणा की। उन्होंने कहाकि इसके लिए आप के पास पूरा रोडमैप है। गैरसैंण को राजधानी बनाने के साथ उसके 30 किमी के दायरे में सारे सरकारी विभागों को स्थापित किया जाएगा।
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने उत्तराखंड में कांग्रेस-भाजपा के वोटरों और समर्थकों से अपील की कि आप लोग जिस पार्टी में हैं, उसी में रहें। आम आदमी पार्टी आपको अपनी पार्टी में आने के लिए नहीं कह रही है, लेकिन उत्तराखंड की खातिर सभी से एक विनती है कि कांग्रेस और भाजपा वाले दोनों एक बार आम आदमी पार्टी को विधानसभा चुनाव में वोट दें। इस बार दोनों पार्टियों के समर्थक और वोटर एक बार झाड़ू का बटन दबा देना। अरविंद केजरीवाल ने कहा कि कांग्रेस के वोटरों ने 10 साल उन्हें दिए हैं इन सालों में आपको क्या मिला? जो विकास प्रदेश को किया जाना चाहिए था वह नहीं हो पाया। ऐसे मंे कांग्रेस को वोट देकर क्या फायदा है।
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि आम आदमी पार्टी उत्तराखंड में एक नया दल है, जिसे एक बार आजमा कर देखा जाए। आप के पास नया सीएम चेहरा है, जो ईमानदार है। आम आदमी पार्टी ने दिल्ली में काम करके दिखाया है। आम आदमी पार्टी के पास उत्तराखंड के लिए नए-नए आइडिया है। पार्टी के पास उत्तराखंड के विकास का एजेंडा है। यदि उत्तराखंड में आप की सरकार बनती है तो वो गांव-गांव तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाएंगे। गांव में स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचेंगी तो उससे कांग्रेस वालों का भी फायदा होगा उनके परिवार वालों को भी अच्छा इलाज मिलेगा। केजरीवाल ने कहा कि उत्तराखंड के गांवों में भी दिल्ली की तरह सरकारी स्कूलों की स्थिति अच्छी होगी बेरोजगारों को भत्ता मिलेगा, उसमें कांग्रेस के समर्थक भी शामिल होंगे हम बिजली 24 घंटे देंगे। अरविंद केजरीवाल ने कहा कि भाजपा ने 10 सालों में प्रदेश को क्या दिया है। भाजपा ने तो 5 साल में तीन-तीन मुख्यमंत्री बदल दिए, इसीलिए भाजपा वाले भी एक बार आम आदमी पार्टी को वोट देकर उन पर भरोसा करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *