रामनगर। उत्तराखंड के नैनीताल जिला के रामनगर क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां अवैध पेड़ कटान की सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम पर तस्करों ने फायरिंग कर दी। इस हमले में वन बीट अधिकारी घायल हो गए, जबकि गोली से वे बाल-बाल बच गए।
घटना तराई पश्चिमी वन क्षेत्र के नाथुपुर छोई इलाके की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह वन विभाग को सूचना मिली थी कि नदी किनारे कुछ लोग अवैध रूप से पेड़ों की कटाई कर रहे हैं। सूचना मिलते ही वन बीट अधिकारी विमल चौधरी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
मौके पर पहुंचने पर टीम ने देखा कि तस्कर पेड़ों की कटाई कर चुके थे और लकड़ी को बाइक पर लादने की तैयारी कर रहे थे। वन कर्मियों ने आरोपियों को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन इसी दौरान स्थिति अचानक बिगड़ गई।
बताया गया कि आरोपियों में से एक के पास पिस्तौल थी। जैसे ही वनकर्मियों ने उसे पकड़ने का प्रयास किया, धक्का-मुक्की शुरू हो गई। इस झड़प में बीट अधिकारी विमल चौधरी घायल हो गए। इसके बाद तीनों आरोपी एकजुट होकर टीम पर हावी हो गए और मौके से भागने लगे। भागते समय आरोपियों ने फायरिंग भी की, हालांकि गोली निशाने पर नहीं लगी और वनकर्मी सुरक्षित बच गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
घायल वन बीट अधिकारी का इलाज रामनगर के संयुक्त चिकित्सालय में चल रहा है। वहीं वन विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए उच्च अधिकारियों को सूचना दे दी है और आरोपियों की तलाश के लिए अभियान शुरू कर दिया गया है।
वन विभाग का कहना है कि अवैध कटान और वन अपराधों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
