मनसा देवी ट्रस्ट ने मंत्री मदन कौशिक को दो हजार व संघ को 500 राशन किट दी

Haridwar Latest News Roorkee social

हरिद्वार। कोरोना वायरस के संक्रमण का फैलाव रोकने के लिए किए गए लॉकडाउन के पहले दिन से गरीब असहाय और जरूरतमंदों की मदद कर रहे मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट ने ढाई हजार राशन किट और उपलब्ध कराई हैं। दो हजार राशन किट शहरी विकास मंत्री मदन कौशिक और पांच सौ राशन किट राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पदाधिकारियों को सौंपी गई है। राशन किट जरूरतमंद और पात्र लोगों को वितरित की जाएंगी। कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक और संघ कार्यकर्ता विजयपाल को राशन किट सौंपते हुए ट्रस्ट के अध्यक्ष श्रीमहंत रविंद्रपुरी महाराज ने कहा कि समाज के वास्तविक जरूरतमंद लोगों को मदद मिलनी चाहिए। संकट की इस घड़ी में हम सब का यह दायित्व बनता है कि गरीब असहाय और जरूरतमंद लोगों के साथ खड़े हों। श्रीमहंत ने अन्य सामाजिक संस्थाओं और सक्षम लोगों से पीएम केयर फंड और मुख्यमंत्री राहत कोष में भी आर्थिक सहयोग देने की अपील भी की। वहीं शासकीय प्रवक्ता और कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने प्रदेश सरकार की ओर से श्रीमहंत रविन्द्रपुरी महाराज का आभार जताते हुए कहा कि कोरोना काल में श्रीमहंत रविंद्रपुरी महाराज के सेवा कार्यो को हमेशा याद रखा जाएगा। वह सही मायनों में नर सेवा-नारायण सेवा की संकल्पना को साकार कर रहे हैं। संघ कार्यकर्ता विजय पाल सिंह ने कहा कि श्रीमहंत रविंद्रपुरी महाराज लगातार दीन दुखियों की मदद कर राष्ट्र धर्म निभा रहे हैं। मनसा देवी मंदिर के ट्रस्टी प्रदीप शर्मा, अनिल शर्मा, दिगंबर राजपुरी, दिगंबर धनंजय गिरी, दिगंबर अमृत गिरी, अमित शर्मा, मोनू त्यागी, मनीष चौहान आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *