राजस्थान के श्रद्धालुओं से भरी बस डंपर की टक्कर से पलटी, एक महिला की मौत, 38 घायल

acsident Haridwar Latest News

हरिद्वार। हरिद्वार में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में राजस्थान के श्रद्धालुओं से भरी बस डंपर की टक्कर के बाद पलट गई। हादसे में एक महिला श्रद्धालु की मौत हो गई, जबकि 38 लोग घायल हो गए। घायलों में महिलाएं, पुरुष और बच्चे शामिल हैं। पुलिस ने सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाकर उपचार शुरू कराया।


जानकारी के अनुसार, कोतवाली नगर हरिद्वार क्षेत्र के अंतर्गत सप्तऋषि चौकी के सामने श्रीराम पंजाबी ढाबे के पास सर्विस लेन से हाईवे कट पर यह दुर्घटना सुबह करीब 7.15 बजे हुई। राजस्थान के नागौर जिले से आए श्रद्धालु पूर्णिमा स्नान के लिए हरिद्वार पहुंचे थे और भूपतवाला स्थित घांची धर्मशाला में ठहरे हुए थे। श्रद्धालुओं का दल तीन बसों में सवार होकर सोमवार सुबह वापस नागौर लौट रहा था।


इसी दौरान बस संख्या एआर 06 सी-0963 धर्मशाला से निकलकर सर्विस लेन के रास्ते हाईवे पर हरिद्वार की ओर मुड़ रही थी। तभी देहरादून से हरिद्वार की दिशा में तेज गति से आ रहे डंपर संख्या यूके 08 सीबी -8077 ने बस के पिछले हिस्से में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस अनियंत्रित होकर पलट गई।


हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोगों में अफरा-तफरी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस और राहत-बचाव टीमें मौके पर पहुंचीं। पुलिसकर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला और तत्काल जिला मेला अस्पताल तथा महिला अस्पताल हरिद्वार भेजा।


पुलिस के अनुसार हादसे में कुल 38 लोग घायल हुए हैं, जिनमें 30 महिलाएं, 6 पुरुष और 2 बालिकाएं शामिल हैं। सभी घायलों का अस्पताल में उपचार जारी है। वहीं एक महिला श्रद्धालु की हादसे में मृत्यु हो गई। मृतका के शव को जिला अस्पताल हरिद्वार की मोर्चरी में रखवाया गया है।


पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में हाईवे पर बस के मुड़ने के दौरान पीछे से डंपर की टक्कर को हादसे का कारण माना जा रहा है। पुलिस दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
हादसे के बाद अस्पतालों में घायलों के परिजनों और अन्य श्रद्धालुओं की भीड़ जुट गई। प्रशासन द्वारा घायलों को हरसंभव चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है तथा घायलों की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *