मां मनसा देवी मार्ग पर अतिक्रमण हटाने के सख्त निर्देश, डीएम-एसएसपी ने किया निरीक्षण

Crime Haridwar Latest News

हरिद्वार। हरिद्वार में श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने अपर रोड, मां मनसा देवी मंदिर उड़न खटोला मार्ग एवं आसपास के क्षेत्रों का संयुक्त निरीक्षण किया।


निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं के आवागमन में किसी भी प्रकार की बाधा न हो। इसके लिए अपर रोड और मनसा देवी मार्ग के आसपास सड़क एवं फुटपाथ पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण न होने दिया जाए।
जिलाधिकारी ने दुकानदारों को सख्त हिदायत देते हुए कहा कि नाली के बाहर या फुटपाथ पर किसी भी प्रकार की दुकान या फड़ संचालित न करें। केवल निर्धारित सीमा के भीतर ही दुकानें लगाई जाएं। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।


निरीक्षण के दौरान उड़न खटोला (रोपवे) के टिकट घर के आसपास संचालित हो रही दुकानों को मौके पर हटवाया गया। डीएम ने रोपवे प्रबंधन को निर्देश दिए कि टिकट काउंटर और मार्ग के आसपास किसी भी प्रकार की दुकान संचालित न होने दी जाए, अन्यथा नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।


इसके साथ ही जिलाधिकारी ने अपर रोड पर चल रहे सीवरेज कार्यों का भी जायजा लिया और कार्यदायी संस्था एवं ठेकेदार को निर्देश दिए कि कार्य तेजी से पूरा किया जाए, ताकि स्थानीय निवासियों और तीर्थयात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
इस दौरान जिला व्यापार मंडल अध्यक्ष संजीव नैय्यर सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *