रुड़की ने फिर दोहराया इतिहास, गौरव गोयल बने नगर निगम रुड़की के महापौर

Uncategorized

दैनिक बद्री विशाल
रुड़की/संवाददाता

रुड़की की राजनीति में निर्दलीय रुप से चौथी बार जीत का अध्याय लिखने वाले भाजपा के बागी गौरव गोयल ने महापौर के रुप में एक बार फिर इतिहास को दोहराकर बरकरार रखा। इस चुनाव में गौरव गोयल ने रिकॉर्ड मतों से जीत हासिल कर नया इतिहास रच दिया। वह मतगणना के शुरू होने से ही कांग्रेस और भाजपा प्रत्याशियों को पीछे छोड़ते हुए लगातार बढ़त बनाकर चल रहे थे। सुबह मतगणना वार्ड-1 शेरपुर से शुरू हुई, जहां गौरव गोयल ने बड़ी संख्या में मत हासिल किये। इसके बाद देर शाम तक चली 40 वार्डो की मतगणना में सभी बूथों पर गौरव का दबदबा कायम रहा। शाम साढ़े नौ बजे के करीब अन्तिम वार्ड 40 में भी उन्होंने बढ़त बनाये रखी और इसके बाद वह 3451 मतों से विजयी घोषित कर दिये गये। गौरव गोयल को 29080, कांग्रेस प्रत्याशी रिशु राणा को 25629 मत मिले और वह दूसरे स्थान पर रहे। वहीं भाजपा के मयंक गुप्ता 19142 मत लेकर तीसरे स्थान पर खिसक गये। जबकि निर्दलीय प्रत्याशी सुभाष सैनी ने 4650 मत लेकर चौथा स्थान पाया। इसके अलावा बसपा के राजेन्द्र बाडी को 4575, आप पार्टी के अबदुस्सलाम को 435, निर्दलीय प्रत्याशी आदेश त्यागी को 290, निर्दलीय प्रत्याशी दीपक लाखवान को 399 तथा स्वाति कालरा को 640 मत पड़े। इस चुनाव में सबसे बड़ी बात यह रही कि भाजपा ने गौरव गोयल का टिकट काटकर मयंक गुप्ता को अपना प्रत्याशी बनाया और हारकर पार्टी ने भी अपनी किरकिरी करा ली। इससे साफ होता है कि यदि सरकार और संगठन सटीक निर्णय लेते तो उन्हें अपनी प्रतिष्ठा बचाने का मौका मिला। ठीक इसी प्रकार हरिद्वार निगम क्षेत्र जो भाजपा का गढ़ माना जाता हैं और वहां निवास करने वाले मदन कौशिक शहरी विकास मंत्री उसी विधानसभा क्षेत्र से हैं, गलत निर्णय लिया गया। हरिद्वार में मुंह की खाई और अब रुड़की नगर निगम में भी सब कुछ बंटाधार कर लिया। यह शहर भाजपा का अच्छा गढ़ माना जाता हैं लेकिन संगठन और सरकार की मनमानी और चुनिंदा लोगों की रायशुमारी ने भाजपा को मात देने के लिए विवश कर दिया। चुनाव परिणाम बेहद चौंकाने वाले रहे। गौरव गोयल ने निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर भारी मतों से विजयी हासिल की। जबकि भाजपा प्रत्याशी को तीसरे स्थान पर लाकर पसीन-पसीने कर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *