बीएचईएल फाउंड्री गेट फायरिंग कांड का खुलासा, 2 नाबालिग समेत 5 गिरफ्तार

Crime Haridwar Latest News

हरिद्वार। जनपद हरिद्वार में चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत पुलिस ने बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए बीएचईएल फाउंड्री गेट के पास हुई फायरिंग की घटना का महज 8 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। इस मामले में पुलिस ने 2 नाबालिगों सहित 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।

घटना 21 अप्रैल की देर रात कोतवाली रानीपुर क्षेत्र में हुई। हन्नी निवासी आर्यनगर, ज्वालापुर ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह अपने दोस्त वंशु के साथ स्कूटी से जा रहा था। जैसे ही वे बीएचईएल फाउंड्री गेट के पास पहुंचे, पहले से घात लगाए बैठे 8-10 युवकों ने उन्हें रोक लिया। आरोपियों ने गाली-गलौच और मारपीट शुरू कर दी और फिर तमंचों से कई राउंड फायरिंग कर दी। इस दौरान एक गोली वंशु के दाहिने हाथ में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।

मामले का खुलासा करते हुए एसएसपी नवनीत सिंह ने बताया कि घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक नगर और क्षेत्राधिकारी सदर के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए 22 अप्रैल की रात धीरवाली मार्ग स्थित भागोवाली मैदान से सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपितों के कब्जे से पुलिस ने 02 तमंचे (315 बोर), 02 जिंदा कारतूस व 03 चाकू बरामद किए हैं।

बताया कि पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर बाज नामक गैंग चलाते हैं। यह गैंग अवैध हथियारों के दम पर लोगों को डराकर क्षेत्र में अपना दबदबा बनाने का प्रयास करता था।

पुलिस जांच में सामने आया कि घायल वंशु पहले भी आरोपियों के खिलाफ दर्ज मामलों में गवाह रह चुका था। इसी रंजिश और वर्चस्व की लड़ाई के चलते आरोपियों ने इस घटना को अंजाम दिया।

गिरफ्तार आरोपितों के नाम पते फरहान (18 वर्ष), निवासी कस्सावान, ज्वालापुर, अनमोल उर्फ धीरेन्द्र बक्शी (24 वर्ष), निवासी विष्णुलोक कॉलोनी, रानीपुर, सागर उर्फ पहाड़ी (22 वर्ष), निवासी सुभाषनगर, ज्वालापुर व दो 02 विधि विवादित किशोर बताए गए हैं।
मुख्य आरोपी अनमोल उर्फ धीरेन्द्र बक्शी के खिलाफ पहले से ही कई मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें आबकारी अधिनियम और अन्य धाराएं शामिल हैं।
पुलिस ने सभी आरोपितों के खिलाफ शस्त्र अधिनियम सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। घटना में शामिल अन्य फरार आरोपियों नोमान कुरैशी, सत्यम, उमर गुर्जर, नितिश, मुकुल और भानु प्रताप गोयल की तलाश जारी है। पुलिस ने विधिक कार्यवाही करते हुए सभी का चालान कर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *